राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित अपने आवास से अपने गृह जनपद मऊ और आजमगढ़ जिले के सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने बताया कि दो सितंबर से भाजपा दूसरा राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो सितंबर को अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कर नई दिल्ली से इस सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी मंत्रियों को 25 हज़ार सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि इस बार मऊ क्षेत्र में सभी के सहयोग से कम से कम एक लाख सदस्य बनाने का प्रयास किया जाएगा। सदस्यता अभियान 24 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और कार्यों से अवगत कराएं। मंत्री एके शर्मा ने बताया कि बीजेपी आज भी 18 करोड़ से अधिक सदस्य संख्या के साथ पूरे विश्व में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में जानी जाती है। इस बार भी बीजेपी का सदस्यता अभियान बहुत ही अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो भी भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा में विश्वास करता है वह इस नंबर 8800002024 पर मिस्ड कॉल देकर और ऑनलाइन आवेदन कर बीजेपी का सदस्य बन सकता है। इस दौरान सभी सदस्यों की सदस्यता का नवीनीकरण भी किया जाना है।



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































