• August 1, 2024
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

लखीमपुर खीरी। करीब साढ़े पांच माह पहले हुई मजदूर की हत्या के रहस्य से नीमगांव थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच ने पर्दा उठा दिया है। इस हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद उसने मजदूर की हत्या कर दी थी। 



नीमगांव में बीते 15 फरवरी की सुबह थाने के पास खेत में छप्पर डालकर रखवाली कर रहे शिवप्रसाद का शव लहूलुहान हालत में मिला था। घटना के बाद से ही परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। हालांकि नीमगांव थाना पुलिस इसे जंगली जानवर का हमला बता रही थी। उसी शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। हत्या के चार दिन बाद अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। लंबा वक्त बीतने के बाद भी खुलासा न होने पर तत्कालीन एसओ पर भी गाज गिर गई थी। बाद में खुलासे की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को दी गई। गुरूवार को पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए नीमगांव थाना क्षेत्र के संजय तिवारी पुत्र गार्गी प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी संजय ने बताया कि घटना वाले दिन वह शिव प्रसाद के साथ था। दोनों ने पहले शराब पी फिर किसी बात को लेकर उसका शिव प्रसाद से विवाद हो गया था। जिस पर तैश में आकर उसने बगौड़ी से ताबड़तोड़ वार कर शिव प्रसाद की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *