राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
हरदोई। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने रिश्वतखोरी में फंसे एक दरोगा को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा अवकाश के बाद डृयूटी पर न आने के कारण एक सिपाही को भी निलंबित किया गया है। वहीं एसपी ने दो सीओ के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है।
हरदोई के एसपी बनने के बाद नीरज कुमार जादौन ने अपराधियों के साथ ही मनमानी करने वाले पुलिस कर्मियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। साथ ही उनके सख्त आदेश हैं कि फरियादियों की समस्याओं का प्रमुखता से निस्तारण किया जाए। इसके बाद भी कुछ पुलिस कर्मी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं। दरअसल मल्लावा थाने में तैनात दरोगा रामलाल सोनकर पर रिश्वत लेने का आरोप लगा था। इसकी शिकायत एसपी से की गई। विभागीय स्तर पर हुई जांच के बाद दरोगा रामलाल सोनकर पर लगे आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने उनको निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस लाइन में तैनात सिपाही रामविलास अवकाश पर गए थे। अवकाश की अवधि खत्म होने के बाद भी रामविलास ने आमद नहीं कराई। जिस पर एसपी ने उनको भी निलंबित कर दिया है। सीओ क्राइम को सात दिनों में इस मामले की रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही एसपी ने सीओ क्राइम सतेंद्र कुमार सिंह को सीओ संडीला और शिल्पा कुमारी को संडीला से सीओ क्राइम बनाया है। बताते चलें कि पिछले कुछ समय में तीन दरोगा समेत 7 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है। जिसमें एक दरोगा और दो पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार अधिनियम की एफआईआर भी दर्ज हुई है।
















































































































































































































































































































































