
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क लखनऊ : रहीमाबाद क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। जब परिजन और आसपास के लोगों ने विरोध किया, तो आरोपी ने न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि हाथापाई पर उतर आया।
घटना 5 जून 2025 की है, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आज 7 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आनंद पुत्र बालकिशन (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम रामनगर गढ़ी, जिन्दौर, थाना रहीमाबाद का निवासी है।
आरोपी ने की सारी हदें पार
पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने पहले भी कई बार लड़की का पीछा किया था, लेकिन इस बार उसने सारी सीमाएं पार करते हुए रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। जब लड़की ने शोर मचाया तो गांव वालों ने बीच-बचाव किया। आरोपी ने हाथापाई शुरू कर दी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
फौरन पुलिस हरकत में आई
मामले की गंभीरता को देखते हुए रहीमाबाद थाना प्रभारी श्री आशिष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम रामनगर के मुख्य मार्ग (गल्ला मंडी रोड) से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की और संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
IPC की धाराओं में मुकदमा दर्ज — POCSO एक्ट भी लागू
आनंद के खिलाफ IPC की धारा 74 बीएनएस, 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 87/2025 दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी में शामिल तेज तर्रार टीम:
- एसआई आशिष कुमार शुक्ला
- एसआई रवि सिंह
- कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह
- कांस्टेबल अर्जुन कुमार
जिम्मेदार नागरिकों की सजगता और पुलिस की तत्परता से आरोपी सलाखों के पीछे है। रहीमाबाद की जनता ने यह साफ संदेश दिया है – बेटियों की ओर कोई आंख उठाएगा, तो कानून उसका असली इलाज करेगा।