राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ : यूपी की 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा का परचम लहराने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों के साथ बैठक की। चुनावी रणनीति बताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभारी मंत्री अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम दो दिन रात्रि विश्राम अवश्य करेंगे।
कालीदास मार्ग स्थित आवास में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए मनोनीत किए गए सभी प्रभारी मंत्रियों से मुलाकात की। साथ ही उनकी क्षेत्र की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए दस ग्रुप बनाए गए हैं। सभी प्रभारी मंत्री चुनाव में हर बूथ में जीत हासिल हो, यह सुनिश्चिति करेंगे। इसके लिए बूथवार वह कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके निस्तारण का हरसंभव प्रयास करेंगे। बूथ की मजबूती ही पार्टी की जीत तय करेगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जब तक उपचुनाव संपन्न नहीं हो जाता है तब तक प्रभारी मंत्री सप्ताह में कम से कम दो दिन अपने क्षेत्र में रात्रि विश्राम अवश्य करेंगे।

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































