राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों के बकाए का भुगतान जल्द किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण सामग्री देने वाली कंपनियों का भी भुगतान होगा। इसके अलावा 1400 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत निर्माण सामग्री आपूर्तिकर्ताओं के बकाये का जल्द ही भुगतान होगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इसके लिए धनराशि प्राप्त हुयी है । केन्द्रांश व राज्यांश मिलाकर 1400 करोड़ की धनराशि भुगतान हेतु राज्य स्तर से जनपदों को अवमुक्त की जा रही है। इस धनराशि के जारी होने से बकायेदारी भी दूर होगी। राज्य स्तर से जनपदों को धनराशि निर्गत करने की कार्यवाही भी शुरू की जा चुकी है। जल्द ही निर्माण सामग्री आपूर्तिकर्ताओ के बकाये का भुगतान किया जाएगा। यह धनराशि 29,30 व 31 अगस्त को जनपदों को अवमुक्त की जा रही है। कई जनपदों के खातों में सामग्री मद हेतु धनराशि भेज दी गयी है। आयुक्त, ग्राम्य विकास जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि राज्य स्तर से पूरी पारदर्शिता के साथ जनपदों को धनराशि अवमुक्त करने की कार्यवाही की जा रही है।























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































