• October 9, 2024
  • kamalkumar
  • 0

 राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा प्रदेश में मनरेगा के तहत सीआईबी बोर्ड बनाये जा रहे हैं। मनरेगा का कार्य आरंभ होने से पूर्व सभी कार्यस्थलों पर स्थापित किए जाने वाले सीआईबी बोर्ड का निर्माण स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करती हैं। 


इस कार्य से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की आय में इजाफा होता है। जिससे महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रहीं हैं और उनका आत्मसम्मान भी बढ़ रहा है। प्रति वर्ष स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा वृहद स्तर पर सीआईबी बोर्ड का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में सक्रिय सहभागिता कर रही हैं। ग्राम्य विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार  2023-24 में प्रदेश में ग्रामीण आजीविका मिशन के 1100 से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों की 5000 से ज्यादा महिलाओं द्वारा 5 लाख से ज्यादा नागरिक सूचना  बोर्ड निर्मित किये गये। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक ग्रामीण आजीविका मिशन के 1200 स्वयं सहायता समूहों की 5600 महिलाओं द्वारा  लगभग 3 लाख नागरिक सूचना बोर्ड निर्मित किये जा चुके हैं। ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि कार्यस्थल पर लगने वाले सीआईबी बोर्ड के निर्माण हेतु संबंधित समूह को समय से आर्डर दिया जाता है, ताकि कार्य आरंभ होने से पूर्व सभी कार्य स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुसार सीआईबी बोर्ड स्थापित किया जा सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *