राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने और टेक्नोलॉजी के माध्यम से कृषि को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लखनऊ के होटल ताज में आयोजित एग-टेक स्टार्ट-अप समिट-2024 का आयोजन किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर मौजूद रहे।
समिट में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कृषि क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। जो राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। शाही ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। इसमें कृषि क्षेत्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एग-टैक पॉलिसी 2024 की शुरुआत की है। जिसका उद्देश्य कृषि में नवाचारों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि भारत केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए कृषि का पावर हाउस है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 75 प्रतिशत तक कृषि योग्य भूमि है, जो इस दिशा में एक महत्वपूर्ण ताकत है। शाही ने किसानों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक किसान को उसके उत्पादन की अधिकतम कीमत मिले। इसके लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया के तहत कृषि क्षेत्र में डिजिटलकरण को प्राथमिकता देने की बात की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने डिजिटल कृषि के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, फार्म तथा फार्मर रजिस्ट्रेशन तथा वेदर गेज स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में टेक्नोलॉजी की संभावनाओं की पर भी जानकारी दी।समिट में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने भी अपने विचार साझा किए। इसके अलाव खेती को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।