राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। कोर्ट के आदेश पर नई सूची जारी करने की मांग को लेकर 69 हजार शिक्षक भर्ती के आरक्षित अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर का घेराव कर लिया। यहां पर उन्होंने नारेबाजी करते हुए सभी ने उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों की पुलिस से भी तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन करने वालों को बस में भरकर ईको गार्डन के लिए रवाना कर दिया।
प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थी हाईकोर्ट के आदेश का तत्काल पालन कराने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि हाईकोर्ट ने जल्द नई सूची जारी करने के आदेश शासन को कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण आदेश पर अमल नहीं हो रहा है। अब अगर यह मामला सुप्रीम कोर्ट जाएगा तो अभ्यर्थियों को न्याय के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों की इस दौरान मौजूद पुलिस कर्मियों से तीखी झड़प भी हुई। बाद में सभी को जबरन ईको गार्डन भेज दिया गया।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































