एंटरटेनमेंट डेस्क
बॉलीवुड की ग्लैमर क्वीन दीपिका पादुकोण आज 40 साल की हो गई हैं। इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार उनके फैंस द्वारा बधाइयां मिल रही हैं। ‘पीकू’ से लेकर ‘पद्मावत’ तक अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी दीपिका का यह जन्मदिन ना सिर्फ उनके फैंस बल्कि परिवार और दोस्तों के लिए भी स्पेशल है।
दिलचस्प बात यह है कि दीपिका ने अपने जन्मदिन से पहले ही अपने चाहने वालों के साथ खुशियां बांट ली थीं। न्यू ईयर और जन्मदिन मनाने के लिए अमेरिका रवाना होने से पहले उन्होंने मुंबई में फैंस के लिए एक खास मुलाकात रखी, जहां उन्होंने न सिर्फ उनसे बातचीत की, बल्कि केक काटकर उनका प्यार भी स्वीकार किया। इस खास पल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह आयोजन दीपिका के ‘ग्रैटिट्यूड डे’ का हिस्सा था, जिसमें उन्होंने अपने फैंस के प्रति आभार जताया। मुंबई के महालक्ष्मी इलाके में हुए इस इवेंट में बड़ी संख्या में दीपिका के चाहने वाले पहुंचे। अभिनेत्री के इस स्पेशल डे को प्रशंसकों ने और भी खास बना दिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस दौरान दीपिका बेहद सादे लेकिन स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं। मरून रंग के को-ऑर्ड सेट में उनकी एलिगेंस देखते ही बनती थी। फैंस के बीच घिरी दीपिका लगातार मुस्कुराती रहीं और सबके साथ फोटो खिंचवाने से लेकर बातचीत तक करती नजर आईं। केक काटने के बाद दीपिका ने हाथ जोड़कर सभी का शुक्रिया अदा किया।
इस इवेंट के बाद दीपिका अपने पति रणवीर सिंह के साथ अमेरिका रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि कपल ने वहीं न्यू ईयर सेलिब्रेट किया और अब दीपिका अपना 40वां जन्मदिन भी न्यूयॉर्क में मना रही हैं। दीपिका और रणवीर की जोड़ी हमेशा से ही फैंस की फेवरेट रही है और दोनों की विदेश यात्रा भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
अगर वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका का आने वाला साल भी काफी बड़ा होने वाला है। वह जल्द ही शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म में कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। माना जा रहा है कि दीपिका के जन्मदिन के मौके पर उनके किरदार से जुड़ी पहली झलक सामने आ सकती है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *