राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : गोला नगर के समीपवर्ती कंजादेव स्थान पर श्रीश्याम दीवाने सेवा समिति गोला द्वारा सफला एकादशी के उपलक्ष्य पर खाटू श्याम मंदिर में एक भव्य संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से पूरी तरह भरा हुआ था, और गणेश स्तुति से संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। अजय गुप्ता और शिवम गुप्ता की मधुर आवाज ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्त खाटू श्याम के भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए। सुंदर-सुंदर भजनों को सुन श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। _श्याम बाबा श्याम बाबा तेरे चरणों मे अरदास लाया हूँ – तेरी रहमतों का किस्सा सरेशाम चल रहा है_, और _मेरा दिल तुझे पे कुरवाँ मुरलियाँ वाले_ जैसे भावपूर्ण भजनों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। खाटू श्याम मंदिर के पुजारी सन्तोष पाठक ने बताया कि हिंदू धर्म में एकादशी का व्रत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। प्रत्येक वर्ष चौबीस एकादशियाँ होती हैं। जब अधिकमास या मलमास आता है तब इनकी संख्या बढ़कर 26 हो जाती है। पद्मपुराण में पौषमास के कृष्णपक्ष की एकादशी के विषय में युधिष्ठिर के पूछने पर भगवान श्रीकृष्ण बोले- बडे-बडे यज्ञों से भी मुझे उतना संतोष नहीं होता, जितना एकादशी व्रत के अनुष्ठान से होता है।
संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और खाटू श्याम की भक्ति में लीन हो गए। पुरुष, महिलाएं और बच्चे सभी इस संकीर्तन में सम्मिलित हुए और खाटू श्याम के जयकारों से मंदिर प्रांगण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम का समापन श्री खाटू श्याम बाबा की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी सन्तोष पाठक ने भक्तों को श्याम बाबा का आशीर्वाद दिया और सभी ने बड़े ही श्रद्धा-भाव से प्रसाद ग्रहण किया। बुधवार 17/12/25 को प्रमोद सोनी के निवास गांधी स्कूल के पीछे श्री खाटू श्याम बाबा का संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी श्याम भक्त आमंत्रित हैं और अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर श्याम भजनों का रसपान कर आशीर्वाद प्राप्त करें।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष दीपक राजपूत, महामंत्री अजय गुप्ता, अनिरुद्ध गुप्ता, शिवम गुप्ता, मीडिया प्रभारी सुधीर गुप्ता, आशुतोष रस्तोगी, बबलू जायसवाल, शिवम गुप्ता, संतोष गुप्ता, अनुराग गुप्ता, सुमित राठौर, प्रवीण रस्तोगी, रमेश वर्मा, संजय गुप्ता (बद्री स्वीट), संदीप राजपूत, अभिषेक राजपूत, जितेंद्र गुप्ता, रिशू महेश्वरी, मयंक महेश्वरी, विवेक कुमार सहित अन्य सभी सेवादार उपस्थित रहे।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































