राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : मंगलवार को कटियारी क्षेत्र के नंदना घाट पर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने लोक निर्माण विभाग द्वारा 40.74 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पैंटून पुल का विधिवत लोकार्पण किया। इस पुल के समर्पित होने से क्षेत्र की हजारों की आबादी के लिए आवागमन की राह आसान हो गई है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह पुल केवल ईंट और लोहे का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि का मार्ग है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “यह पुल न सिर्फ आवागमन को सुगम करेगा, बल्कि शिक्षा, व्यापार और स्वास्थ्य से जुड़ी हमारी तमाम मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति में मील का पत्थर साबित होगा।” अब ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से निजात मिलेगी और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचना सरल होगा। कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संतोष रावत एवं अवर अभियंता पंकज पाण्डेय ने पुल की तकनीकी विशेषताओं और गुणवत्ता की जानकारी दी। इस अवसर पर कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष वृम्हानन्द दीक्षित, बलवीर सिंह,ब्लॉक प्रमुख अनिल राजपूत संजय पाठक,गोविन्द तिवारी,मंगल यादव आदि लोग मौजूद रहे।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































