After entering the house, they beat up the wedding party and family members and also stopped the farewell in the morning.
  • February 8, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : पलिया कस्बे के सिंगहिया मोहल्ले में एक दलित युवती की शादी के दौरान अराजक तत्वों द्वारा उपद्रव किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान दबंगों ने बार-बार घर में घुसकर बारातियों और परिजनों के साथ मारपीट की, जिससे विवाह कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, विवाह समारोह के दौरान कुछ दबंग तत्वों ने एक नहीं बल्कि तीन-तीन बार घर में घुसकर हंगामा किया और बारातियों व परिजनों के साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ती देख बारात पक्ष के मुखिया ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और देर रात समझा-बुझाकर विवाह संपन्न कराया गया। आरोप है कि शादी संपन्न होने के बावजूद दबंगों की दबंगई यहीं नहीं रुकी। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगली सुबह जब विदाई की तैयारी चल रही थी, तब आरोपितों ने उपहार व सामान से लदी गाड़ी को रोक लिया और बारात को निकलने से भी रोक दिया, जिससे एक बार फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना से दलित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना ने क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *