Bank takes strict action for non-payment of dues, confiscates land of two big defaulters in Dhaurahra
  • February 7, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला : बैंक ऋण की वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसील धौरहरा क्षेत्र के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा लाखून के दो बड़े बकायेदारों की जमीन कुर्क की गई। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी धौरहरा के आदेश पर राजस्व विभाग और बैंक अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

क्या है मामला

ग्राम चौरा निवासी राजेंद्र प्रसाद एवं मोती लाल (दोनों पुत्र विद्याधर) ने पंजाब नेशनल बैंक, शाखा लाखून से ऋण लिया था। बैंक द्वारा समय-समय पर नोटिस देने और भुगतान के लिए मोहलत दिए जाने के बावजूद बकायेदारों ने ऋण की धनराशि जमा नहीं की। लंबे समय से ऋण बकाया रहने पर बैंक ने इन्हें डिफॉल्टर घोषित करते हुए आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) के माध्यम से तहसील प्रशासन से वसूली की कार्रवाई की मांग की थी।

कैसे हुई कार्रवाई

एसडीएम धौरहरा के निर्देश पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार यादव एवं संग्रह अमीन दाताराम के नेतृत्व में राजस्व टीम गांव चौरा पहुंची। टीम ने बकायेदारों की चिन्हित भूमि पर सरकारी प्रक्रिया के तहत लाल झंडी लगाकर कुर्की की उद्घोषणा की और जमीन को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बड़े बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।

मौके पर रहे अधिकारी

कुर्की की कार्रवाई के दौरान बैंक की ओर से मुख्य प्रबंधक फ्रीजेस कुमार गुप्ता एवं शाखा प्रबंधक आदिल आज़ाद अपनी रिकवरी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

बैंक की सख्त चेतावनी

बैंक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन बकायेदारों ने बार-बार नोटिस के बावजूद ऋण की अदायगी नहीं की है, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुर्क की गई भूमि की आगामी प्रक्रिया के तहत नीलामी कर बैंक के बकाया ऋण की भरपाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *