राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : किसान कल्याण केन्द्र, मंझनपुर में बृहस्पतिवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से तकनीकी एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेत तालाब योजना का लाभ उठाकर तालाब की खुदाई कर उसमें मत्स्य पालन कर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं। साथ ही के.बी.के. से प्रशिक्षण प्राप्त कर मशरूम की खेती अपनाने का भी सुझाव दिया। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी उन्होंने दिये। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से आह्वान किया कि यदि कोई किसान नवाचार या आधुनिक तकनीकी खेती कर रहा है, तो वह अपने अनुभव अन्य किसानों से साझा कर उन्हें भी जागरूक करे।इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार द्वारा गेहूं की पहली सिंचाई एवं उसमें उर्वरक के समुचित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इफ्को के कर्मचारी अंकित कुमार ने नैनो यूरिया, डीएपी, दानेदार यूरिया एवं दानेदार डीएपी के प्रयोग तथा उनकी गुणवत्ता के बारे में किसानों को जानकारी दी।उप कृषि निदेशक सतेन्द्र कुमार तिवारी ने किसानों को गौशालाओं से निःशुल्क गोबर खाद प्राप्त कर खेतों में उपयोग करने, सोलर पम्प योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे तथा उन्होंने कृषि विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारियों को उपयोगी बताया।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































