राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला : आगामी 15 फरवरी को आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को कोतवाली गोला परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी ने की। बैठक के दौरान महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन जैसे प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला कमेटी के अध्यक्ष जनार्दन गिरि को निर्देशित किया गया कि आमजन को सुरक्षित रूप से भगवान भोलेनाथ के दर्शन कराए जाएं और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। इस दौरान गोला नगर पालिका चेयरमैन ने विशेष रूप से शिवबारात के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला कमेटी से सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी पुलिस रमेश कुमार तिवारी, तहसीलदार भीमचंद, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोला अंबर सिंह सहित नगर के गणमान्य नागरिक, मेला समिति के पदाधिकारी एवं वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































