राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : गोला के खुटार रोड स्थित प्रशासन द्वारा लगभग छह माह पूर्व सीज किए गए शिवाय हॉस्पिटल तथा उससे जुड़े भवन में नियमों को ताक पर रखकर नाम बदलकर दोबारा अस्पताल संचालन किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इतने स्पष्ट उल्लंघन के बावजूद जिम्मेदार विभाग और अधिकारी अब तक मौन बने हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने शिवाय हॉस्पिटल को अनियमितताओं, लाइसेंस उल्लंघन एवं मानकों की अनदेखी के चलते सीज किया था। कार्रवाई के दौरान अस्पताल भवन पर ताले और नोटिस लगाए गए थे। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने कथित रूप से अस्पताल का नाम बदलकर “मैक्स हॉस्पिटल” कर उसी भवन में फिर से संचालन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल बोर्ड और कागज़ों में नाम बदला गया, जबकि स्टाफ, उपकरण और पूरी संचालन प्रणाली पहले जैसी ही बनी रही। इससे स्पष्ट होता है कि यह कदम केवल कानूनी कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से उठाया गया। सूत्रों के मुताबिक बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। कई मरीजों को इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि जिस अस्पताल में वे उपचार करा रहे हैं, वह भवन पहले ही प्रशासन द्वारा सीज किया जा चुका है।
इस पूरे प्रकरण ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं –
1- सीज किए गए भवन में दोबारा अस्पताल कैसे संचालित हुआ?
2- स्वास्थ्य विभाग और नगर प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
3- निरीक्षण और निगरानी व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे साबित हुई?
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। इस संबंध में जब सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणेश से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि “यदि नियम विरुद्ध अस्पताल संचालित पाया गया तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी नई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अब देखना यह है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करता है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































