Workshop on Safe Internet Day in the district, cyber awareness gets a new direction
  • February 10, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  लखीमपुर खीरी : भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देशानुसार जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), लखीमपुर खीरी द्वारा सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर एक सफल साइबर जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के साइबर सेल अधिकारी, विकास विभाग के अधिकारी, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक तथा बैंक अधिकारियों ने सहभागिता की।

डीआईओ (एनआईसी) महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित वर्कशॉप में इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और बढ़ती साइबर ठगी से बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए साइबर फ्रॉड तरीकों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि फर्जी अधिकारी बनकर आने वाली उन कॉलों से सतर्क रहें, जिनमें भय दिखाकर पैसे या बैंकिंग विवरण मांगे जाते हैं। स्पष्ट किया गया कि कोई भी वास्तविक कानून प्रवर्तन एजेंसी कभी फोन पर भुगतान या गोपनीय बैंक विवरण नहीं मांगती। वर्कशॉप में साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें, पब्लिक वाई-फाई से यथासंभव बचें, बिना सत्यापन किसी फाइल या सॉफ्टवेयर को डाउनलोड न करें, वेब ब्राउज़र और ऐप्स को अपडेट रखें, अज्ञात स्रोतों से आए ईमेल/लिंक न खोलें तथा किसी भी वेबसाइट पर जाते समय सही यूआरएल की जांच अवश्य करें। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत सरकार को सूचित करें। साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल की जा सकती है अथवा संबंधित सरकारी पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी महेंद्र सिंह ने सुरक्षित इंटरनेट संचालन की तकनीकी जानकारी दी, जबकि पुलिस विभाग (साइबर सेल) के अधिकारियों ने साइबर ठगी से बचने की व्यावहारिक रणनीतियों को सरल भाषा में समझाया।तथा सुरक्षित इंटरनेट जागरूकता बाइक रैली निकली

कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर से सुरक्षित इंटरनेट जागरूकता बाइक रैली को अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी एवं एसओसी संजय आनंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में वीएलई हेलमेट पहनकर शामिल हुए और शहर की गलियों में साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेशों का प्रसार किया। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

इसके साथ ही राजकीय पॉलिटेक्निक लखीमपुर, नकहा एवं मोहम्मदी में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *