राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : जनपद में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दे दिया है। राजापुर से नहर पटरी तक बन रही फोरलेन सड़क में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने बुधवार को औचक निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी व संबंधित अधिकारियों पर सीधा एक्शन लिया। सीडीओ ने मौके पर पहुंचते ही औपचारिक निरीक्षण तक सीमित न रहते हुए सड़क की खुदाई कराई और निर्माण सामग्री के नमूने संग्रहित कराए। नमूनों को विधिवत सील कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने सड़क पर ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि केवल कागजी रिपोर्ट और औपचारिकताओं से काम नहीं चलेगा। गुणवत्ता को लेकर असंतोष जताते हुए सीडीओ ने सड़क निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया और निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट आने व गुणवत्ता मानकों की पुष्टि के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए। सीडीओ के सख्त रुख से अधिकारियों और ठेकेदारों में खलबली मच गई।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता के.के. झा को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जांच में निर्माण गुणवत्ता मानकों से कम पाई जाती है तो अनुबंध की शर्तों के तहत ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई व आर्थिक पेनल्टी सुनिश्चित की जाए। साथ ही पूरे प्रकरण पर शीघ्र विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि “जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर सड़क टिकाऊ, सुरक्षित और मानक अनुरूप होनी चाहिए। गुणवत्ता से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत निगरानी, नियमित तकनीकी परीक्षण और समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































