राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क मितौली खीरी : मितौली क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ में सप्तम सात दिवसीय श्री चंडी महायज्ञ एवं संत सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन के प्रथम दिवस गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में बम-बम भोले, हर-हर महादेव, जय मां दुर्गे, जय मां काली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा ग्राम तेंदुआ से प्रारंभ होकर मितौली व रतहारी होते हुए पौराणिक कष्ट हरण धाम स्थित कठिना नदी तट पहुंची। वहां आचार्य मंडल द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। सर्वप्रथम मुख्य यजमान द्वारा कलश में पवित्र जल भरा गया, इसके उपरांत उपस्थित माताओं-बहनों ने अपने-अपने कलशों में पवित्र जल भरा।
कलश यात्रा पुनः ग्राम तेंदुआ लौटकर यज्ञ प्रांगण पहुंची, जहां पवित्र जल का छिड़काव कर पूरे परिसर को शुद्ध किया गया। इसके साथ ही महायज्ञ की विधिवत शुरुआत हुई। आयोजन के दौरान प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक नित्य प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। सायंकालीन बेला में शाम 6 बजे से 6:45 बजे तक श्रीकृष्ण ध्यान योग साधना पीठ ट्रस्ट द्वारा योग साधना कराई जाएगी। वहीं रात्रि 8 बजे से 11:30 बजे तक देश के प्रसिद्ध कथावाचकों एवं विद्वानों द्वारा रामकथा एवं भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा प्रवचन करने वालों में मानस मर्मज्ञ कथावाचक पुरुषोत्तम गोस्वामी जी, महाभारत महारथी आदितेंद्र तिवारी ‘शिखर’ जी, मानस वक्ता परम विद्वान कौशल जी, मानस वक्ता परम विद्वान प्रभाकर शुक्ला जी एवं परम विद्वान मानस मर्मज्ञ राम जी तिवारी (रामायणी) सहित अन्य विद्वान संत शामिल हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, क्षेत्रवासी, माताएं-बहनें एवं श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































