• February 13, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस का पाँच-सदस्यीय छात्र दल जापान में आयोजित ‘सकूरा साइन्स एक्सचेंज प्रोग्राम’ में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परचम लहराकर स्वदेश लौट आया। स्वदेश वापसी पर सी.एम.एस. शिक्षकों व अभिभावकों ने छात्र दल का स्वागत किया एवं विदेश में देश का गौरव बढ़ाने हेतु बधाई दी। साइन्स एक्सचेंज प्रोग्राम में प्रतिभाग कर स्वदेश लौटे छात्रों में अन्वेशा बाजपेयी, शारन्या अग्रवाल, दर्श चैरसिया एवं ऋतिक दास शामिल हैं जबकि छात्र दल का नेतृत्व विद्यालय के शिक्षक सिद्धार्थ शंकर मिश्रा ने किया। यह साइन्स एक्सचेंज प्रोग्राम जापान सरकार की आधिकारिक शैक्षिक संस्था ‘जापान साइन्स एण्ड टेक्नोलाॅजी एजेन्सी (जे.एस.टी.) के तत्वावधान में आयोजित किया गया एवं सी.एम.एस. छात्रों की जापान यात्रा का सम्पूर्ण खर्च आयोजकों द्वारा वहन किया गया। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना ने दी है।
खन्ना ने बताया कि इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्रों ने अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान कार्यशाला में अपने ज्ञान-विज्ञान का जोरदार प्रदर्शन करते हुए वैश्विक श्रोतागणों के समक्ष बड़े ही आत्मविश्वास के साथ अपने रिसर्च विषयों को प्रस्तुत किया, तो वहीं दूसरी ओर होक्काइडो यूनिवर्सिटी म्यूजियम में आयोजित व्याख्यानों एवं हैण्ड्स आॅन ट्रेनिंग में शामिल होकर आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधानों से रूबरू हुए। खास बात रही कि इस यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्रों को वैज्ञानिक प्रतिभा विकास का अभूतपूर्व अवसर मिला और वे भूकंप विज्ञान एवं ज्वालामुखी विज्ञान की अत्याधुनिक गहन जानकारियों से रूबरू हुए। इसके अलावा, एक सप्ताह की इस शैक्षिक यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्रों ने जापान के मेज़बान परिवारों के साथ रहकर वहाँ की परंपराओं, जीवनशैली और आतिथ्य भावना का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया, साथ ही सापोरो मारियामा चिड़ियाघर एवं सापोरो स्नो फेस्टिवल समेत विभिन्न पर्यटल स्थलों के शैक्षणिक भ्रमण ने जापान की साँस्कृतिक विरासत का अनुभव कराया।
खन्ना ने बताया कि जापान से स्वदेश वापसी पर एक अनौपचारिक वार्ता में इन छात्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जापान जाना हम सभी के लिए एक सपना सच होने के समान है। छात्रों का कहना था कि इस विज्ञान प्रोग्राम में हमें अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिला साथ ही विश्व के ख्यातिप्राप्त वैज्ञानिकों के विचारों से लाभान्वित होने का सुअवसर भी मिला।
सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने सी.एम.एस. छात्रों की शैक्षिक यात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि सी.एम.एस. अपने छात्रों को देश-विदेश की शैक्षिक यात्राओं में भाग लेने के अधिक से अधिक अवसर प्रदान कराता है, क्योंकि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन ही नहीं अपितु विश्व बन्धुत्व एवं साँस्कृतिक समन्वय की भावना को सुदृढ़ करना भी है। सी.एम.एस. प्रबन्धक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने भी जापान की इस शैक्षिक यात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अन्तर्राष्ट्रीय कार्यक्रम छात्रों के वैश्विक सोच एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास में महती भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *