राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : महाप्रबंधक,उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा ने अपने मुरादाबाद मंडल निरीक्षण दौरे के क्रम में हरदोई क्षेत्र में चल रहे विभिन्न रेल कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरे के दौरान उन्होंने हरदोई स्टेशन स्थित मोड़ पर पटरियों पर किए जा रहे सुधार एवं अनुरक्षण कार्यों का गहन निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने ट्रैक की गुणवत्ता, फिटिंग, संरेखण तथा संरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से कार्य की प्रगति, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा उपायों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेल पटरियों से संबंधित सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि रेल संचालन पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु बना रहे।निरीक्षण क्रम में उन्होंने बालामऊ एवं हरदोई के मध्य सई नदी पर स्थित महत्वपूर्ण रेलवे पुल का भी निरीक्षण किया। पुल की संरचनात्मक मजबूती, रखरखाव व्यवस्था, पिलरों की स्थिति तथा सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग, समय-समय पर तकनीकी परीक्षण तथा संरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे संरचना की मजबूती एवं यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य भारतीय रेल के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संपादित हों।इस अवसर पर विनीता श्रीवास्तव , मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद डिवीज़न सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संबंधित विभागों के अभियंता उपस्थित रहे।










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































