राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : फरवरी सन 2019 भारत के इतिहास का एक काला दिन है। इसी दिन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए भीषण आतंकी हमले में हमारे वीर जवान शहीद हुए थे। उन अमर बलिदानियों की पावन स्मृति में आज शहीद उद्यान, हरदोई में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान एवं हरदोई पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान शहीदों की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया तथा अमर जवान ज्योति पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। तत्पश्चात दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को नमन किया गया।
संस्थान की अध्यक्ष सुहाना जैन ने अपने संबोधन में कहा कि पुलवामा अटैक केवल एक आतंकी घटना नहीं, बल्कि राष्ट्र के साहस, एकता और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को राष्ट्रप्रेम के रूप में स्मरण करना हम सभी का कर्तव्य है तथा युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मा. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार – आबकारी एवं मद्य निषेध) नितिन अग्रवाल भी उपस्थिति रहे। उन्होंने कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि पुलवामा के वीर शहीदों का बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा है।कार्यक्रम में योग शिक्षिका विनीता पांडेय, भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक हवलदार पुष्पेंद्र सिंह,देवेंद्र विक्रम सिंह,सरोज सिंह,मशाल सिंह,राम सिंह,अखिलेश सिंह,निर्मल गुप्ता, अखिलेश गुप्ता एवं शौर्य सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सभा उपरांत अमर बलिदानियों की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं एवं पूर्व सैनिकों ने सहभागिता की। वातावरण ‘शहीद अमर रहें’ एवं ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































