राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : आत्मविश्वास और आशीर्वाद के साथ केपीएस भरवारी के छात्र बोर्ड परीक्षा हेतु रवानाआज से देशभर में सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो गईं। इसी क्रम में केपीएस भरवारी में भी बोर्ड परीक्षार्थियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय परिसर में प्रातःकाल प्रेरणादायक वातावरण के बीच विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर सीमा पंवार एवं अन्य शिक्षकों ने सभी छात्रों को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रथम दिवस कक्षा 10वीं का गणित विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया।
डायरेक्टर श्रीमती पंवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे वर्ष की अपनी मेहनत पर विश्वास रखें और बिना किसी तनाव के शांत मन से प्रश्नपत्र हल करें। उन्होंने सकारात्मक सोच, धैर्य और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए छात्रों का मनोबल बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षा केंद्र तक विद्यार्थियों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रस्थान की समुचित व्यवस्था की गई। शिक्षकगण भी अंतिम समय तक आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन करते रहे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी परीक्षार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम के लिए प्रोत्साहित किया गया।























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































