Intensive monitoring of spring sugarcane sowing preparations, emphasis on mechanization and improved varieties
  • February 19, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क मितौली खीरी : बसंतकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियों को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से मिल परिषद क्षेत्र में सीड रिजर्वेशन प्लॉटों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान बीज आरक्षण की प्रगति, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग तथा सहफसली खेती की व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर सत्यापन किया गया।

संयुक्त निरीक्षण ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक जंगबहादुरगंज खीरी, अविनाश चन्द्र तिवारी एवं अजबापुर चीनी मिल के महाप्रबंधक हरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा किया गया। अधिकारियों ने एसजीके पोर्टल पर आरक्षित बीज की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए शेष प्लॉटों का विवरण शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में बताया गया कि गन्ना विकास परिषद जेबीगंज एवं अजबापुर चीनी मिल द्वारा आधार एवं प्राथमिक पौधशालाओं सहित कई प्लॉटों का बीज पूर्व में ही आरक्षित किया जा चुका है। शेष प्लॉटों की फीडिंग तेजी से की जा रही है ताकि बुवाई कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। ग्राम पिपरी अजीज निवासी प्रगतिशील किसान नीरज अवस्थी के खेत पर CoLk 11203 प्रजाति के आरक्षित बीज का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही Co 0118 प्रजाति के साथ की गई सहफसली खेती ने अधिकारियों और किसानों का ध्यान आकर्षित किया, जिसे आधुनिक कृषि पद्धति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।

अधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग एवं मिल का उद्देश्य गन्ना खेती को पूर्णतः यंत्रीकृत बनाना है। यंत्रीकरण से लागत में कमी आएगी और उत्पादन व आय में वृद्धि होगी। किसानों से उन्नत प्रजातियों को अपनाने तथा आधुनिक कृषि यंत्रों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की गई। साथ ही बीज वितरण को निर्धारित मूवमेंट प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए इस अवसर पर मिल गन्ना विकास अधिकारी पंकज सिंह सहित चीनी मिल के अन्य कर्मचारी एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *