Health committee meeting to review the progress of the program
  • February 20, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा नॉट रिपोर्टेड प्रसवों को चिन्हित कर ट्रैक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही लाभार्थियों एवं आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने उच्च जोखिम गर्भावस्था (एच.आर.पी.) वाली महिलाओं की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि ऐसी महिलाओं की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनजागरूकता बढ़ाने हेतु ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किया जाय। डैशबोर्ड समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिराथू, कौशाम्बी एवं अर्बन क्षेत्र की रैंकिंग अपेक्षित स्तर पर न पाए जाने पर संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों को सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। आर.बी.एस.के. टीम को निर्देशित किया गया कि गर्भवती महिलाओं को आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां नियमित रूप से लेने के लिए जागरूक किया जाय। आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्ययोजना बनाकर आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, सी.एम.एस. डॉ. सुनील शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *