राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : विगत 18 फरवरी से प्रारंभ हुई बोर्ड परीक्षा के चलते जडौरा आयुर्वेदिक चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी डॉ. हरि शंकर वर्मा की ड्यूटी परीक्षा कार्य में लगा दी गई है। चिकित्सक की अनुपस्थिति में अस्पताल का संचालन फार्मासिस्ट अनंग पाल के सहारे किया जा रहा है। फार्मासिस्ट अनंग पाल ने बताया कि डॉक्टर द्वारा पूर्व में लिखे गए पर्चों के आधार पर ही मरीजों को दवाएं वितरित की जा रही हैं। वर्तमान में अस्पताल में किसी चिकित्सक द्वारा मरीजों का परीक्षण नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार जडौरा आयुर्वेदिक चिकित्सालय में प्रतिदिन लगभग तीन से चार दर्जन मरीजों की ओपीडी रहती है। डॉक्टर के अनुपस्थित रहने से कई मरीज बिना उपचार के ही वापस लौटने को मजबूर हैं। हालांकि अस्पताल प्रतिदिन खोला जा रहा है और उपलब्ध दवाओं का वितरण किया जा रहा है, लेकिन नियमित चिकित्सकीय परामर्श के अभाव में मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से बोर्ड परीक्षा अवधि के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के मरीजों को समुचित उपचार मिल सके।

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































