राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : प्रशासनिक न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय (लखनऊ खंडपीठ) राजीव सिंह ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला जज शिव कुमार सिंह, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग मौजूद रहीं। इस अवसर पर सीजेएम प्रमोद कुमार यादव एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने पुरुष एवं महिला बंदीगृह में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनके खानपान, मूलभूत सुविधाओं, मुकदमों की स्थिति, जमानत, पैरवी एवं हिस्ट्री टिकट संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न बैरकों, कारागार अस्पताल एवं अन्य इकाइयों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।महिला बंदीगृह में निरुद्ध महिलाओं को साड़ी तथा उनके शिशुओं को उपहार भेंट किए गए। कारागार में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। कारागार चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के संबंध में चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कारागार अधीक्षक पी.डी. सलोनिया, जेलर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जेल में संचालित गौशाला का भी किया अवलोकन
प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने जिला कारागार परिसर में संचालित गौशाला का निरीक्षण किया। पूछताछ पर कारागार अधीक्षक ने बताया कि गौशाला की शुरुआत डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अभिनव पहल पर की गई है। इस पहल की न्यायमूर्ति ने मुक्त कंठ से सराहना की तथा गोवंश को फल भी खिलाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए तथा समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































