राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : तहसील मुख्यालय गोला गोकर्णनाथ में इन दिनों दूध की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर संचालित कई डेयरियों में मिलावटी एवं सिंथेटिक दूध बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ डेयरियां बिना मानक लाइसेंस और निर्धारित गुणवत्ता जांच के ही संचालन कर रही हैं, जिससे आमजन की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक, कथित रूप से कुछ स्थानों पर दूध में रासायनिक पदार्थों की मिलावट की जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नागरिकों का कहना है कि देखने में गाढ़ा और सफेद दिखने वाला दूध गुणवत्ता की कसौटी पर खरा नहीं उतर रहा। चिकित्सकों का मानना है कि यदि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट हो, तो उसका नियमित सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। नगरवासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग द्वारा नियमित सैंपलिंग और निरीक्षण की पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय-समय पर जांच और छापेमारी हो, तो मिलावटखोरी पर अंकुश लगाया जा सकता है। त्योहारों के नजदीक आते ही दूध और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने से मिलावट की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि संदिग्ध डेयरियों की व्यापक जांच कराई जाए, दूध के नमूनों को लैब परीक्षण हेतु भेजा जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमित औचक निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि नगरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































