राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिव कॉरिडोर के शिलान्यास के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गोला विधायक अमन गिरी ने ‘छोटी काशी शिवोत्सव’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर नगर में पालकी यात्रा निकाली गई तथा शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसकी नगर में व्यापक चर्चा रही। नगर के अधिकांश नागरिकों ने शिवोत्सव आयोजन को सराहनीय पहल बताया और धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन का स्वागत किया। हालांकि, दूसरी ओर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार को लेकर लोगों में असंतोष भी देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजन अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं, लेकिन साथ ही क्षेत्र में सड़क, जलनिकासी, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी ठोस कार्य होना चाहिए। नागरिकों का मत है कि यदि शिवोत्सव जैसे आयोजनों के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति मिलती तो जनभावनाएं और अधिक सकारात्मक होतीं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह चर्चा भी है कि विधायक को जनता से सीधे संवाद बढ़ाना चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके। कुछ लोगों ने पूर्व विधायक स्वर्गीय अरविंद गिरी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वे जनसुनवाई में सक्रिय रहते थे और निर्णय स्वयं लेते थे।
हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी परिदृश्य समय के साथ बदलता रहता है और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से कोई ठोस निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। फिलहाल क्षेत्र में शिवोत्सव की सराहना के साथ-साथ विकास को लेकर अपेक्षाएं भी खुलकर सामने आ रही हैं।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































