राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : जिलाधिकारी अनुनय झा द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व अभिलेखागार (सी.आर.ए. अनुभाग) का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिसमें उन्होंने पटलवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की स्थिति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जिसमें अमीन वार औसत वसूली, बैंक देय और विविध देय के आंकड़ों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए वसूली की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने एक वर्ष से लंबित पेंशन प्रकरणों और विद्युत देय कर्मचारियों की पदोन्नति संबंधी मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा इनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने विभागीय कार्यवाहियों की अद्यतन स्थिति और ऑडिट आपत्तियों के समयबद्ध समाधान हेतु संबंधित सहायकों को निर्देशित किया। कार्यालय की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव और अनुभाग में उच्च स्तरीय साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष बल दिया, ताकि शासकीय कार्यों का निष्पादन सुगमता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 प्रियंका सिहं, अतिरिक्त मजिस्टेªट अरूणिमा श्रीवास्तव, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम उपस्थित रहें।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































