राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में निघासन विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत इंटर कॉलेज परिसर में माननीय विधायक खेल स्पर्धा का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक निघासन शशांक वर्मा ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजीव निगम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी श्रीश कटियार ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 100 मीटर सब-जूनियर बालक वर्ग में अंवेश तथा बालिका वर्ग में सोनमराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से कुणाल और बालिका वर्ग से एनम विजेता रहीं। जूनियर 100 मीटर में बालक वर्ग से अमन प्रताप और बालिका वर्ग से अनम प्रथम रहीं, जबकि 200 मीटर बालिका वर्ग में सिद्धि ने बाजी मारी। सीनियर 100 मीटर में बालक वर्ग से मानवेंद्र प्रताप और बालिका वर्ग से तुलसी, वहीं 1500 मीटर सीनियर बालक वर्ग में अवधेश कुमार प्रथम रहे। लंबीकूद प्रतियोगिता में सब-जूनियर वर्ग से शिवम, जूनियर वर्ग से अमन पाल तथा सीनियर वर्ग से मानवेंद्र ने प्रथम स्थान हासिल किया। बैडमिंटन सब-जूनियर एकल में आशुतोष और जूनियर एकल में अमन विजेता रहे। सब-जूनियर बैडमिंटन डबल्स में कृष्ण व रचित की जोड़ी तथा बालिका सब-जूनियर में निशा व शीतल की टीम प्रथम रही।
गोला फेंक में जूनियर बालक वर्ग से नंदकिशोर, बालिका वर्ग से प्रेरणा और सीनियर बालक वर्ग से सुमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम स्पर्धाओं में जूनियर वॉलीबॉल बालक वर्ग में बरोठा की टीम, सब-जूनियर वॉलीबॉल में झंडी राज की टीम और सीनियर बालक वॉलीबॉल में खैरीगढ़ की टीम विजेता रही। बालिका सब-जूनियर वॉलीबॉल में देवी की टीम तथा जूनियर कबड्डी में शोभारानी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में बीओ निघासन गरिमा सिंह, बीओ गोला सुधीर कुमार सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रतीक दीक्षित, राजीव कुमार पाण्डेय, पंकज गुप्ता प्रधानाचार्य जिला पंचायत इंटर कॉलेज तथा संजय कुमार मिश्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका शचीन्द्र नारायण दीक्षित, मोहित गुप्ता, अभिषेक वर्मा व मुनव्वर ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन शचीन्द्र नारायण दीक्षित ने किया।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































