राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : समाजवादी पार्टी के नेता धनंजय उपाध्याय ने पलिया विधानसभा क्षेत्र का तूफानी दौरा करते हुए लगभग एक दर्जन गांवों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने पलिया नगर, अटरिया, बसंतपुर, मलिनिया सहित कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों को संबोधित किया।
जनसभाओं में सपा नेता ने केंद्र और प्रदेश सरकार के हालिया बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” द्वारा पेश बजट में मध्यम वर्ग को केवल झांसा देने का कार्य किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सदन में बजट पेश किया जा रहा था, तो दूसरी ओर घरेलू गैस के दाम बढ़ाए जा रहे थे। उनके अनुसार बजट आम जनता की समझ से परे है और सरकार स्वयं अपनी उपलब्धियों का बखान कर रही है, जबकि आम नागरिक महंगाई से जूझ रहा है।
धनंजय उपाध्याय ने दावा किया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जनता के सहयोग से प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी और सपा सरकार बनने पर प्रदेश में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध जैसी समस्याएं समाप्त होंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भाजपा के नेता वोट मांगने आएं तो उनसे उनके कार्यों का हिसाब अवश्य पूछें। दौरे के दौरान डॉ. विमलेंद्र गौतम, गुरप्रीत सिंह नन्नर, हरविंदर सिंह बिन्नी, राजा खान, रमेश कुमार, राकेश, अटल कुमार, एनूफ बेग, सुक्खी, नजर अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































