Women empowerment awareness program organized in village Nagara under Mission Shakti Abhiyan 5.0
  • January 4, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : मुख्यमंत्री द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना नीमगांव क्षेत्र के ग्राम नगरा में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या के समय 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा राष्ट्रीय पोषण मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के विषय में भी जागरूक किया गया, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण को पहचान सकें और समय रहते उचित कदम उठा सकें। वक्ताओं ने महिलाओं और बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना भय के आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता की भावना को मजबूत करना रहा, जिससे वे सशक्त होकर समाज में अपनी निर्णायक भूमिका निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *