राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : तहसील मंझनपुर के विकास खण्ड सरसवां स्थित ग्राम टिकरी नागी में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने निरीक्षण कर विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव ने अवगत कराया कि गांव में सड़क निर्माण कार्य सांसद निधि से कराया जा रहा है, जिसमें कुछ कार्य अभी शेष है। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर शेष कार्य तत्काल प्रारम्भ कराकर निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन परिसर में पशु बंधे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने उप जिलाधिकारी मंझनपुर को टीम भेजकर पंचायत भवन में हुए अवैध कब्जे को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी प्रदीप कुमार मौर्य को सफाई कर्मियों की टीम लगाकर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में स्थापित सभी हैंडपंपों की क्रियाशीलता की जांच कराने तथा जल-जमाव की समस्या के समाधान के लिए नाली निर्माण सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने को कहा। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































