राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के पवारा गांव के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा में अनियंत्रित बाइक सरकारी ट्यूबवेल के पुल से टकरा गयी जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी तथा बाइक पर बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मृतक की पहचान मीरापुर गांव निवासी रामलाल (50) पुत्र करण सिंह यादव के रूप में हुई है। वह अपने साथी विजय कुमार (40) पुत्र मखनचू के साथ मिक्सचर मशीन में काम करने के लिए लहंना गांव जा रहे थे। पवारा गांव के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गयी जिसमें रामलाल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल विजय कुमार को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया तथा लिखापढ़ी कर रामलाल के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे।



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































