राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-01 अखिलेश कुमार की टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश की कार्रवाई की गई।
आबकारी टीम ने तहसील सदर के थाना गुरुबख्शगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाटमपुर एवं कोरिहर में अवैध कच्ची शराब निर्माण के अड्डों एवं संदिग्ध घरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 65 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई तथा मौके से लगभग 300 किलोग्राम महुआ लहन बरामद कर उसे नष्ट किया गया।
इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































