
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : जिला पोषण समिति के तहत जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं कुपोषित बच्चों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों के शौचालयों को विशेष रूप से साफ-सुथरा रखा जाए तथा केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जाए और कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्यकत्रियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में ब्लॉक कोथावा, कछौना, हरपालपुर, टड़ियावा और भरखनी में अति कुपोषित बच्चों को लक्ष्य के अनुरूप एनआरसी में भर्ती न कराने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अति कुपोषित बच्चों को चिकित्सकों की देखरेख में तत्काल एनआरसी में भर्ती कराया जाए तथा अधिक से अधिक बच्चों को ग्रीन श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही सभी पात्र महिलाओं और बच्चों को निर्धारित समय सीमा में पोषाहार का वितरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व संबंधित सीडीपीओ उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। कुछ शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































