राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला : दक्षिणी खीरी वन प्रभाग के गोला वन रेंज के अन्तर्गत ग्राम भवानीगंज गांव से 100 मीटर की दूरी पर जंगल के किनारे एक गन्ने के खेत में बाघ ने सांड पर हमला कर उसे मार दिया। सुबह जब कुछ किसान गन्ने की छिलाई के लिए खेत में गये तो बाघ सांड को खा रहा था। यह देख सभी के होश उड़ गये । जिससे उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो बाघ गन्ने के खेत में ही दूसरी ओर चला गया। घटना की सूचना गोला वन रेंजर संजीव तिवारी को दी गयी। जिसके बाद वह अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। टीम बाघ की लोकेशन ट्रेस कर रही है । स्थानीय लोगों ने बताया बाघ सांड पर हमलाकर उसको करीब 100 मीटर अंदर की ओर घसीट कर ले गया था। श्रमिकों ने बताया कि वह गन्ने में दूसरे रास्ते से प्रवेश हुए लेकिन, जब उन्होंने घसीटने के निशान देखे और उसके मुताबिक अंदर गये तो बाघ को देखकर दंग रह गये ।रेंजर गोला ने बताया कि मामला जंगल के निकट का है । बाघ जंगल से निकलकर आया था और वापस चला गया है । फिर भी मजदूर और किसानों को सतर्क रहना होगा । गन्ना छिलाई कि समय चल रहा है इसलिए खेत में समूह में हांका लगाते हुए जाये।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































