राष्ट्रीय प्रस्तवना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : ब्लॉक बांकेगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रन्ट नम्बर 10 में गोला-बांकेगंज मार्ग पर पुरानी बीयर शॉप के निकट बनाए जा रहे एक छोटे नाले के निर्माण में ठेकेदार द्वारा पीली ईंटों का उपयोग करने का मामला प्रकाश में आया है। यह नाला मात्र 4 मीटर लंबा बताया जा रहा है, लेकिन इसमें घटिया गुणवत्ता वाली पीली ईंटें लगाए जाने से क्षेत्र में भ्रष्टाचार की चर्चा जोरों पर है। जानकारी के अनुसार,निर्माण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों की नजर इस पर पड़ी। जब पीली ईंटों से नाले की दीवार बनाई जा रही थी,तो क्षेत्रवासियों में हलचल मच गई। लोगों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। शिकायत मिलते ही ग्राम प्रधान ने तुरंत कुछ लोगों को मौके पर भेजा। वहां पहुंचकर काम रुकवाया गया, लेकिन तब तक नाले की एक दीवार पूरी तरह खड़ी हो चुकी थी।भ्रष्टाचार की सूचना ठेकेदार तक पहुंचते ही उसने फौरन दूसरी ईंटें मंगवाईं और निर्माण सामग्री बदल दी। क्षेत्र में यह चर्चा आम है कि यदि इतने छोटे नाले में ही ठेकेदार ने पीली ईंटें लगाकर घटिया सामग्री का उपयोग किया और अपनी मंशा जाहिर की,तो इससे पहले उसके द्वारा कराए गए अन्य निर्माण कार्यों में भी इसी तरह का भ्रष्टाचार हुआ होगा। लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में घटिया सामग्री का प्रयोग आम बात हो गई है, जिससे जनता का पैसा बर्बाद हो रहा है। यदि ठेकेदार गलत नहीं था तो शिकायत के बाद उसने ईंट बदलवा क्यों दी। इस मामले पर बांकेगंज के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) आरिफ हुसैन से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वे इस समय लखीमपुर में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यस्त हैं। यदि निर्माण में वाकई घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है, तो इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि एक दीवार में पीली ईंटें लगी हैं, तो उन्हें भी हटवाया जाएगा। यह मामला एक बार फिर जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहा है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो, ताकि ठेकेदारों की मनमानी पर अंकुश लग सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































