राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) के आयोजन की तैयारियों के संबंध में आज स्वामी विवेकानन्द सभागार में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातः 8.30 बजे समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों व भवनों पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा संविधान संकल्प को दोहराया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रातः 8.30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी महोदय द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत प्रातः 8.50 बजे स्वच्छता सेनानियों का सम्मान तथा प्रातः 9 बजे स्वच्छता वाटिका, कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि प्रातः 9.30 बजे से पुलिस लाइन में परेड एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रातः 10 बजे समस्त शैक्षिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं 11.30 बजे नगर के बाहर स्थित शहीद स्मारक सेमरिया में उप जिलाधिकारी सवायजपुर तथा रूइया गढ़ी में उप जिलाधिकारी बिलग्राम द्वारा झंडारोहण एवं स्वच्छता सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। इसी समय जिला चिकित्सालय में रेडक्रास सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अवगत कराया कि जिला स्तरीय पोषण समिति की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में दिनांक 13 जनवरी 2026 को अपरान्ह 01 बजे स्वामी विवेकानन्द सभागार में आयोजित की जाएगी। उन्होंने समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों से बैठक में समय से प्रतिभाग सुनिश्चित करने की अपील की है।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































