Fresher's party organised at Autonomous State Medical College, Kaushambi
  • January 29, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कौशांबी में एमबीबीएस 2025 बैच के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ्रेशर पार्टी का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नये विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनके भीतर आत्मविश्वास और आपसी समन्वय की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डा. हरिओम कुमार सिंह एवं अतिथिगण रवीन्द्र प्रताप सिंह सीनियर वित्त अधिकारी, डा. एस.एन. सिंह (चेयरमैन, चन्द्रशेखर सिंह आयुर्वेदिक संस्थान, कौशांबी) तथा डा. विनोद कुमार गौर (प्राचार्य, चन्द्रशेखर सिंह आयुर्वेदिक संस्थान, कौशांबी) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य, संगीत एवं विविध मनोरंजक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। सभी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। प्राचार्य प्रो. डा. हरिओम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं तथा संस्थान में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करते हैं। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस वर्ष 2024 बैच के विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है और आशा व्यक्त की कि 2025 बैच भी परिश्रम एवं समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन पर केंद्रित रहकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन एमबीबीएस 2024 बैच की छात्रा सेजल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अनुशासित, सफल और स्मरणीय बताया। समारोह में आचार्य डा. सरस्वती जायसवाल यादव उप-प्राचार्य, डा. सौरभ कृष्ण मिश्रा, सह-आचार्य डा. रविरंजन सिंह, डा. राकेश कुमार शुक्ला, डा. अरिन्दम चक्रवर्ती, डा. शारदा सिंह, सहायक आचार्य डा. धर्मेन्द्र मिश्रा, डा. संदीप कुमार, डा. आत्मिक सिंह, डा. अरुण पाण्डेय, डा. अंकित कुमार तिवारी, डा. संतोष कुमार, डा. नरेन्द्र कुमार, डा. विकेश कुमार दुबे, डा. नन्दिनी राघव, डा. प्रतिमा त्रिपाठी सहित सीनियर एवं जूनियर रेजीडेंट तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *