राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : थाना हैदराबाद पुलिस ने 19 जनवरी की देर रात्रि गोला–बांकेगंज रोड पर हुई ढाई लाख रुपये की लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सात में से पांच बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जबकि दो अभियुक्तों की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 1 लाख 9 हजार रुपये नगद, दुकान के नगद कूपन, वादी के आधार कार्ड की प्रति, घटना में प्रयुक्त तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक मारुति एस-प्रेसो कार तथा डंडे बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरिओम गुप्ता निवासी थाना मैगलगंज जनपद खीरी (हाल निवासी शास्त्री नगर थाना नौचंदी), आकाश बाल्मीकि निवासी रुकनपुर थाना भावनपुर, अमान निवासी ग्राम नंगली साधारणपुर थाना इंचोली, विकास उर्फ लालू कसाना निवासी जंडेडी थाना मवाना जनपद मेरठ तथा अंकित गुप्ता निवासी सर्वोदय नगर थाना गोला जनपद खीरी के रूप में हुई है। अभियुक्तों का जनपद मेरठ एवं खीरी में आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 19 जनवरी की देर रात्रि बांकेगंज निवासी किराना व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल से बदमाशों ने उनकी कार के आगे वाहन लगाकर ढाई लाख रुपये की लूट की थी। घटना के संबंध में व्यापारी द्वारा थाना हैदराबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। इस मामले के अनावरण में स्वाट टीम व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल मनीष यादव, सत्यप्रकाश, कांस्टेबल ओम मिश्रा, गोल्डन सिकंदर चौधरी, विकास चौहान, अरुण कुमार, महताब आलम, शरद शुक्ला एवं संजय कुमार शामिल रहे। वहीं अभियुक्तों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक संतपाल राठौर, हेमंत कटियार, जय नारायण यादव, हेड कांस्टेबल दीपक वर्मा, कांस्टेबल नीरज कुमार, आकाश कुमार, प्रेम शंकर, रवि कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार की सराहनीय भूमिका रही।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































