राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : कस्ता स्थित राधे रमण सोना देवी इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को हिंदू सम्मेलन एवं खिचड़ी भोज का भव्य आयोजन सनातन धर्म समिति के अध्यक्ष शरद अवस्थी, एडवोकेट द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर हिंदू एकता और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। सम्मेलन में पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं सांसद जुगल किशोर ने भारत माता एवं महान ऋषि संत रविदास के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि जुगल किशोर ने अपने संबोधन में हिंदू समाज की एकता, संस्कारों और सनातन धर्म की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि समाज को संगठित होकर अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करनी होगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सीतापुर के विभागाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने भी हिंदू एकता पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र शुक्ल द्वारा की गई। इस अवसर पर सनातन धर्म समिति की संयोजक परशुराम तिवारी एवं वरिष्ठ समाजसेवी रामेश्वरी देवी मिश्रा उपस्थित रहीं। भाजपा नेता अवधेश कुमार उर्फ पप्पू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की भी भारी उपस्थिति रही। सम्मेलन के उपरांत खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































