राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : प्रेसीडेंसी स्कूल (केपीएस) भरवारी में कक्षा 12 वीं के छात्र छात्राओं के सम्मान में सोमवार को आयोजित फेयरवेल समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं भावनात्मक वातावरण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह भव्य आयोजन रिद्धि सिद्धि रिजॉर्ट फेस-1 में आयोजित किया गया जहाँ पूरा परिसर उत्सवी रंगों से सजा नजर आया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य, गीत, मंचीय प्रस्तुतियां एवं मनोरंजक झांकियों ने समां बांध दिया। प्रस्तुतियों की उत्कृष्टता ने उपस्थित शिक्षकगण, अभिभावकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कक्षा 12 के विद्यार्थी विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक पहचान होते हैं यदि वे जीवन में परिश्रम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाएं तो सफलता उनके कदम अवश्य चूमेगी। विद्यालय की डायरेक्टर सीमा पंवार ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, लक्ष्य के प्रति सजग रहने तथा समाज के प्रति एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया जिसमें स्टूडेंट ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित खिताब अलीफा बानो को प्रदान किया गया। मिस्टर केपीएस का खिताब अगस्त केसरवानी एवं मिस केपीएस का खिताब नैंसी केसरवानी को फ़िया गया। शैक्षणिक श्रेणी में मिस्टर साइंस उत्कर्ष केसरवानी और मिस साइंस उन्नति अग्रहरि रहीं।
मिस्टर कॉमर्स मोहम्मद साद एवं मिस कॉमर्स नमामि रस्तोगी को चुना गया। इसी तरह मिस्टर ह्यूमैनिटीज का सम्मान वकास सिद्दीकी तथा मिस अचीवमेंट का खिताब अंतरा केसरवानी को प्रदान किया गया।
समारोह के समापन पर कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय जीवन से जुड़ी स्मृतियाँ साझा कीं जिससे वातावरण भावुक हो उठा। इस अवसर पर शिक्षकों व विद्यार्थियों के बीच आत्मीय विदाई के क्षणों ने सभी की आंखे नम कर दीं। यह फेयरवेल समारोह न केवल विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव रहा, बल्कि उनके जीवन के नए अध्याय की एक प्रेरणादायी व सशक्त शुरुआत भी सिद्ध हुआ।


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































