राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : तहसील सदर और तहसील गोला क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में इन दिनों मिट्टी खनन का कारोबार तेज़ी पर है। क्षेत्र के शेरपुर, सेमरई, बेहड़ा, कोरवा और राजेपुर गांवों की सड़कों पर दिन-रात ओवरलोड मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां और डंपर दौड़ते नजर आ रहे हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से कच्ची और पक्की दोनों प्रकार की सड़कें महीन धूल से पट गई हैं। सड़क पर पैदल, साइकिल या मोटरसाइकिल से निकलते ही धूल का गुबार उड़ने लगता है। रमजान और होली जैसे त्योहारों के बीच ग्रामीणों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि नए कपड़े तक धूल में सराबोर हो जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धूल के कारण आंखों में जलन, सूखी खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। बांसगांव के दर्जनों ग्रामीणों ने खनन में लगे वाहनों के आवागमन का विरोध भी किया है। आरोप है कि कई ट्रैक्टर-ट्रालियों का परिवहन विभाग में पंजीकरण कृषि कार्य के लिए है, लेकिन उनका उपयोग व्यावसायिक रूप से मिट्टी ढुलाई में किया जा रहा है। सड़क पर जमी धूल के कारण दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में तहसीलदार सदर ने बताया कि मामले की जानकारी खनन विभाग एवं प्रवर्तन विभाग को दी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सुनील मलिक, थानाध्यक्ष हैदराबाद खीरी ने कहा कि मिट्टी खनन के लिए संबंधित विभाग जिम्मेदार है। यदि ओवरलोडिंग या अवैध खनन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































