Holi was celebrated with great enthusiasm with colours and gulal in Kaushambi.
  • March 5, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जनपद में होली का पर्व इस वर्ष पूरे उत्साह, उमंग और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। होलिका दहन के बाद दूसरे दिन भी सुबह से ही लोगों में होली खेलने का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर से लेकर गांवों तक लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पर्व का आनंद उठाया। जनपद के मंझनपुर, भरवारी, सरायअकिल, अझुवा, करारी सहित सभी प्रमुख कस्बों और गांवों में रंग-बिरंगी होली खेली गई। सुबह से ही लोग ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। युवाओं और बच्चों में होली को लेकर खासा उत्साह रहा। जगह-जगह लोगों ने टोली बनाकर घर-घर जाकर अबीर-गुलाल लगाया और एक-दूसरे को गले लगाकर भाईचारे का संदेश दिया।

होली के अवसर पर कई स्थानों पर पारंपरिक पकवानों की भी धूम रही। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर गुझिया, दही-बड़ा, नमकीन और अन्य मीठे पकवानों का आनंद लिया। कुछ स्थानों पर ठंडई बनाकर लोगों को पिलायी गयी, जिससे पर्व की खुशियां और भी बढ़ गयी। दूसरे दिन कई स्थानों पर परंपरागत ‘कपड़ा फाड़ होली’ भी खेली गई, जिसमें युवाओं ने जमकर मस्ती की। भरवारी और मंझनपुर क्षेत्र में इस अनोखी होली को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। चायल के पूर्व विधायक संजय गुप्ता क्षेत्र में कई जगह जाकर लोगों के बीच होली खेली।

वहीं भरवारी स्थित नदी वाणी पब्लिक स्कूल में विद्यालय प्रबंधक ज्योति अभिजीत द्वारा “रंग बरसे” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और डीजे की धुन पर जमकर थिरके। रंग और गुलाल की फुहारों के बीच लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। कई क्षेत्रों में पुलिस द्वारा पैदल मार्च निकाला गया तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे होली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। होली के रंग, मिठास और भाईचारे के संदेश के साथ जनपद में यह पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *