New momentum for women empowerment, major action plan in livelihood mission
  • March 17, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक व शैक्षिक उत्थान व महिलाओं की सतत आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में कार्य कर रही विभिन्न संस्थाओं के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन उप मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय 7- कालिदास मार्ग पर किया गया। बैठक में गेट फाउण्डेशन की 8 पार्टनर संस्थाओं व एच सी एल फाउंडेशन द्वारा महिला आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन हेतु किए जा रहे कार्यों का प्रजेंटेशन दिया गया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि संसाधनों व मैनपॉवर का पूरी क्षमता व दक्षता के साथ उपयोग करते हुए युद्ध स्तर पर कार्य करें और ग्रामीण आजीविका मिशन के उद्देश्यों की हर हाल में पूर्ति करें। उन्होंने कहा कि सरकारी/ गैर सरकारी संस्थाओं के निर्धारित दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ देश व समाज के प्रति भी अपने कर्तव्यों व दायित्वों का निर्वहन करें। किसी गरीब के जीवन में खुशहाली लाने पर स्वयं को भी खुशी व आत्मगौरव की अनुभूति होती है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य, लक्ष्य व ध्येय प्रदेश में एक करोड़ लखपति दीदी हर हाल में बनाना ही है।

उन्होंने संस्थाओं के प्रतिनिधियों व अधिकारियों में नई ऊर्जा व नए उत्साह का संचार करते हुए कहा कि सभी लोग गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाकर अपने जीवन को भी सार्थक बनाएं। निर्देश दिए कि जिन समूहों का बैंक लिंकेज अभी नहीं हुआ है, उसके लिए ठोस व प्रभावी रणनीति बनाकर त्वरित कार्यवाही करते हुए बैंक लिंकेज कराया जाना सुनिश्चित किया जाए तथा इस संबंध में जिलों को भी उचित स्तर से दिशा-निर्देश दिए जाएं।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य धरातल पर नजर आने चाहिए। रिजल्ट ओरिएंटेड काम होने चाहिए। सभी संस्थाएं व अधिकारी अपनी पूरी प्रतिभा का उपयोग करें और सर्वश्रेष्ठ करके दिखाएं। उन्हें हर संभव मदद की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी संस्थाएं सघनता से कार्य करने की प्लानिंग करें। लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम सुनिश्चित करें। मल्टीपल एक्टिविटी करें। आजीविका मिशन में सीआरपी की संख्या बढ़ाई जाए।

एक पंचायत-एक बीसी सखी कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी हासिल करते हुए निर्देश दिए कि जो ग्राम सभाएं बड़ी हैं वहां एक से अधिक बीसी सखी बढ़ाए जाने पर भी विचार किया जाए। बताया गया कि बीसी सखी के कार्यों का दायरा बढ़ाया गया है, एसबीआई व बैंक ऑफ बड़ौदा के अलावा चार और बैंकों के साथ अनुबन्ध किया गया है।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बीसी सखियों को जन सुविधा केंद्रों के संचालन, एलआईसी में बीमा सखी के रूप में किए जा रहे कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि बीसी सखियों को इंश्योरेंस कंपनियों के साथ अनुबंध कराने, आरडी खाते खुलवाने, लोगों को ऋण दिलाने, उद्यम ऋण दिलाने, रिकवरी कराने, पोस्ट ऑफिस की धन लेन-देन योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

मौर्य ने कहा कि जिन बैंकों से अनुबन्ध हुआ है उनके सीएसआर फण्ड से बीसी सखियों को उनके बैंकिंग सम्बन्धी कार्य के लिए लैपटॉप व मोबाइल दिलाने का प्रयास किया जाए। कहा कि बीसी सखियों की सेवाएं आधार अपडेशन के कार्यों में लेने का प्रयास किया जाए और उसके लिए प्रस्ताव बनाया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह की दीदियों के आईडी कार्ड बनाने की दिशा में भी नियमानुसार त्वरित कार्यवाही की जाए।

बैठक में ट्रांसफारमेशन रूरल इंडिया के प्रतिनिधि ने लखपति दीदी कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं व इस दिशा में किए जा रहे अभिनव प्रयासों यथा वन प्रिय योजना, कृषि वैल्यू चेन संवर्धन, कृषि एवं सम्बद्ध गतिविधियों से आजीविका संवर्धन आदि के बारे में जानकारी दी। माइक्रोसेव कन्सल्टिंग संस्था के प्रतिनिधि ने बीसी सखी की मुख्य गतिविधियों व परिणाम, इंटरप्राइज फाइनेंसिंग, वित्तीय साक्षरता व भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।

IMAGO ग्लोबल ग्रासरूट के प्रतिनिधि ने उन्नति महिला एग्रो प्रोसेसिंग इंटरप्राइज मॉडल, जीडीआई कन्सल्टेन्सी संस्था द्वारा यूपीएसआरएलएम में किए जा रहे कार्य जैसे lokOS के उपयोग को बढ़ावा और फैमिली आईडी का इंटीग्रेशन, मार्केट लिंकेज, महिला नेतृत्व उद्यमिता, नवाचार आदि के बारे में जानकारी दी। पीसीआई इंडिया के प्रतिनिधि ने स्वास्थ्य, पोषण, मधुमक्खी व मत्स्य पालन से महिलाओं की आमदनी बढ़ाने हेतु किए जा रहे क्रियाकलापों की जानकारी दी।

The Nudge Institute ने मेगा क्लस्टर विकास कार्यक्रम (बकरी पालन) तथा Humble Bee Buzzworthy Ventures के प्रतिनिधि ने मधुमक्खी पालन, शहद निर्माण आदि के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक उत्थान हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। एचसीएल फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, वित्तीय साक्षरता व पर्यावरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी गई।

बैठक में प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू, आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग गौरी शंकर प्रियदर्शी, मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन ने भी महत्वपूर्ण विचार / सुझाव रखे। इस अवसर पर संयुक्त मिशन निदेशक राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जनमेजय शुक्ला, संयुक्त निदेशक प्रवीणानन्द, के अलावा सुधीर कुमार सिंह व आजीविका मिशन व विभिन्न संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *