.
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में कोथावां बीआरसी भवन में अध्यापकों की कार्यशाला हुई। जहां अध्यापक अंतर्यामी बाजपेई ने बताया सात से 14 वर्ष के आउट ऑफ स्कूल बच्चों को दोबारा स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। कहा बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए शारदा कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस योजना के तहत आउट ऑफ स्कूल बच्चों को चिह्नित कर ऐसे बच्चों को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में उनकी उम्र के हिसाब से कक्षा में दाखिला मिलेगा। बताया कि आउट ऑफ स्कूल व ड्राप आउट बच्चों को दोबारा स्कूल लाने के लिए मुुहिम शुरु हो गई है। इसके शुरुआती दौर में जिले में प्रशिक्षित किए गए अध्यापकों द्वारा विद्यालयों के अध्यापकों को तैयार कर अभियान को अंतिम रूप दिया जाएगा। अध्यापक गांव में ऐसे बच्चों को चिन्हित करेंगे जिन्होंने किसी वजह से स्कूल छोड़ दिया है। ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी उम्र के हिसाब से कक्षा में शामिल करने में मदद मिलेगी। बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए स्कूलों में नोडल शिक्षक तैनात किए जाएंगे। जिससे स्कूल से छूटे हुए बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ा जा सकेगा। बच्चों के शैक्षिक स्तर का मूृल्यांकन करने के बाद आयु के हिसाब से पढ़ाई कराने के लिए विशेष प्रशिक्षण उसी विद्यालय परिसर में दिया जाएगा, जहां बच्चा नामांकित किया जाएगा। विशेष प्रशिक्षण के दौरान कक्षा के अन्य बच्चों के साथ शैक्षणिक व भावनात्मक रूप से जुड़ने योग्य बनाने के लिए नोडल अधिकारी तैयार किए जा रहे हैं। इस दौरान कार्यक्रम व्यवस्थापक आरपी पंकज रस्तोगी, शिव मूर्ति त्रिपाठी, संदर्भदाता दिवस शुक्ला, महेंद्र प्रताप सिंह, करुणेद्र प्रताप सिंह, संजय कुमार, श्याम कुमार मिश्रा, राजीव कुमार मौजूद रहे।
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































