Approval granted for construction of bridge over Kathina river in Gahiyapurwa, villagers rejoice
  • March 19, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क मितौली खीरी : विकासखंड मितौली की ग्राम पंचायत खंजन नगर एवं आसपास के दर्जनों गांवों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र की वर्षों पुरानी परिवहन समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गहियापुरवा स्थित कठिना नदी पर पुल निर्माण कार्य को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। इस उपलब्धि के पीछे जुगुल किशोर (भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद) और सौरभ सिंह सोनू (कस्ता विधायक) के संयुक्त प्रयासों को अहम माना जा रहा है। लंबे समय से इस क्षेत्र के ग्रामीण कठिना नदी पर पुल न होने के कारण आवागमन की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती थी, जब कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से पूरी तरह कट जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार उठाई जा रही इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधियों ने शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप अब इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को स्वीकृति मिल गई है इस अवसर पर जुगुल किशोर ने कहा कि क्षेत्र की जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुल का निर्माण पूरा होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। वहीं विधायक सौरभ सिंह सोनू के प्रयासों की भी ग्रामीणों ने सराहना की और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। पुल निर्माण की स्वीकृति की खबर मिलते ही खंजन नगर और आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

ग्रामीणों का मानना है कि इस पुल के बन जाने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की तस्वीर बदलने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *